पाली जिले में मंगलवार को सुबह से ही तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे और शाम करीब साढ़े चार बजे शहर में हल्की रिमझिम बारिश हुई। इस बदलाव से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। तापमान गिरा मौसम विभाग के अनुसार दिनभर करीब 15 KM प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलीं। वहीं जिले के कई अन्य इलाकों से भी हल्की बरसात की सूचना है। अचानक बदले मौसम के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। तापमान की बात करें तो पाली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से आगामी दिनों में भी हल्की ठंडक बने रहने की संभावना जताई जा रही है।