पाली शहर के सुंदर नगर में सोमवार को सड़क किनारे बिछी LPG गैस पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। गैस लीकेज की आशंका, पटाखे की चिंगारी से लगी आग दमकलकर्मी पारस गहलोत ने बताया- संभवत: गैस पाइपलाइन में लीकेज था। बच्चे पटाखे छोड़ रहे थे, इसी दौरान पटाखे की चिंगारी पाइपलाइन तक पहुंच गई और आग लग गई। पाइपलाइन से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पाइपलाइन कंपनी के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। वहीं, सूचना मिलने पर पाइपलाइन कंपनी के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पाइपलाइन में लीकेज को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू की।