पाली शहर के सदर थाना क्षेत्र में खेतावास के पास बुधवार दोपहर हाईवे पर ट्रेलर से टकराने के बाद मिनी ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मिनी ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया। अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, हाईवे पर चल रहे ट्रेलर के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रहा मिनी ट्रक ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर से मिनी ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और नागौर जिले का निवासी ड्राइवर यशपालसिंह (34) पुत्र उम्मेदसिंह उसमें फंस गया। क्रेन से हटाए गाड़ी, यातायात सुचारू किया हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाने से एएसआई श्रवणसिंह मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।