पाली शहर के टैगोर नगर क्षेत्र में गजानंद गृह निर्माण आवासीय योजना के पास स्थित श्रेयांस नगर में गार्डन के लिए छोड़ी गई जमीन पर मकान निर्माण करवाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर गुरुवार को मोहल्लेवासी नगर निगम आयुक्त से मिले और दस्तावेज दिखाकर मामले में कार्रवाई की मांग की। दोनों पक्षों को सुनने के बाद आयुक्त ने निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। इसके बाद मोहल्लेवासी वापस घर लौटे। लेआउट प्लान में गार्डन की जमीन निकली थी मोहल्लेवासियों के मुताबिक, नगर निगम की ओर से इस जमीन का फिजिकल वैरिफिकेशन करवाया गया था। इसमें लेआउट प्लान के अनुसार जमीन गार्डन के लिए छोड़ी गई पाई गई थी। बाद में रिवाइज लेआउट प्लान का हवाला देकर इस जमीन का दोबारा सर्वे करवाया गया। बगेची के लिए छोड़ी गई जमीन पर पट्टे जारी करने के मामले को लेकर मोहल्लेवासी पहले भी जिला कलेक्टर से शिकायत कर चुके हैं। आयुक्त से मिलने पहुंचे मोहल्लेवासी मामले को लेकर गुरुवार को एडवोकेट चंद्रभान सिंह राजपुरोहित, चंद्रप्रकाश मेहता, सुमेर सिंह जोधा, प्रशांत काकरिया सहित कई मोहल्लेवासी नगर निगम आयुक्त से मिले। उन्होंने दस्तावेज प्रस्तुत कर जमीन पर हो रहे निर्माण को लेकर कार्रवाई की मांग की। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आयुक्त ने निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए।