पाली में नर्सिंगकर्मियों का धरना गुरुवार को 46वें दिन भी जारी रहा। नर्सिंगकर्मियों ने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के नाम पोस्टकार्ड भेजकर इच्छा-मृत्यु की अनुमति देने की मांग की। जिलाध्यक्ष केशर सिंह चौहान ने बताया- नौकरी से हटाए गए निविदा नर्सिंगकर्मी पिछले 46 दिन से बांगड़ अस्पताल में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रख रहे हैं। इसके बावजूद अब तक सेवा बहाली को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नर्सिंग कर्मियों में निराशा और आक्रोश है। इसी के चलते पाली मेडिकल कॉलेज के निविदा नर्सिंग कर्मियों ने राज्यपाल के नाम पोस्टकार्ड भेजकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी संघर्षरत नर्सिंग कर्मियों द्वारा इसी तरह राज्यपाल को पोस्टकार्ड भेजे जा रहे हैं। नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि जब तक प्रदेशभर से हटाए गए सभी अनुभवी संविदा नर्सिंग कर्मियों की पुनः सेवा बहाली नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जयपुर संघर्ष समिति के नेतृत्व में राज्य सरकार अपने वादों को पूरा करते हुए जल्द न्याय प्रदान करेगी। उग्र आंदोलन की चेतावनी नर्सिंग कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसके तहत स्वास्थ्य भवन, जयपुर तथा डीएमई/राजमेस कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। इस दौरान प्रमोद, दीपिका, हीरालाल, विनोद, सूखाराम, अनिल, रिजवान, मनोज सहित कई नर्सिंग कर्मी मौजूद रहे।