पाली जिले के बाली थाना पुलिस गुरुवार को लूट के चार आरोपियों को लेकर अजमेर पहुंची। पुलिस ने मार्टिंडल ब्रिज के सामने स्थित एक गोल्ड लोन कंपनी के कार्यालय में मौका तस्दीक की और आरोपियों की निशानदेही पर गिरवी रखा गया सोना जब्त किया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना प्रभारी परबत सिंह टीम के साथ गोल्ड लोन कंपनी कार्यालय पहुंचे। यहां आरोपियों की ओर से गिरवी रखे गए सोने की जानकारी लेने के साथ कंपनी के रिकॉर्ड की भी जांच की गई। पुलिस ने कर्मचारियों से यह भी पूछा कि बिना खरीद बिल के सोना गिरवी कैसे स्वीकार किया गया। इस पर कर्मचारियों ने बताया कि आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही गोल्ड लोन दिया जाता है, जबकि खरीद बिल लेना अनिवार्य नहीं है। पुलिस निगरानी में वाहन में ही बैठे रहे नकाबपोश इस दौरान चारों नकाबपोश आरोपी पुलिस निगरानी में बाहर वाहन में बैठे रहे। शाम में पुलिस स्थानीय पुलिस को साथ लेकर दोबारा कार्यालय पहुंची और रात 8:40 बजे तक मौका तस्दीक, दस्तावेजों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर गिरवी रखा सोना अपने साथ ले गई। बाइक रुकवाकर की थी लूट पुलिस के अनुसार 10 जून को बाली क्षेत्र में सकाराम चौधरी, उनकी पत्नी मंजू और बेटी पायल से लूट की वारदात हुई थी। बदमाशों ने सोनवा बांध रोड पर उनकी बाइक रुकवाकर हमला किया और सोने के आभूषण, मोबाइल, नकदी तथा बाइक लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में बाली पुलिस ने दो दिन पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर छह दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अब वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने और शेष लूटा गया सामान बरामद करने में जुटी है।