पाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 69 लाख रुपए बाजार कीमत के डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो जब्त की है। तलाशी में स्कॉर्पियो में 462 किलो 900 ग्राम डोडा पोस्त मिला। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश में जुटी है। तेज रफ्तार से आ रही थी स्कॉर्पियो SP मोनिका सैन ने बताया कि डीएसटी और सिरियारी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मुखबिर सूचना पर अलर्ट टीम ने जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो को आते देखा तो रूकने का इशारा किया। ये देख तस्कर ने SUV भगा दी। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और दो टायर ब्लास्ट कर दिए। लेकिन उसके बाद भी कई किलोमीटर तक तस्कर गाड़ी दौड़ाता रहा। जंगल में छोड़ कर भागा SUV पीछा करने के दौरान टीम को जंगल में स्कॉर्पियो खड़ी मिली। तलाशी में स्कॉर्पियो में 462 किलो 900 ग्राम डोडा पोस्त मिला। जिसकी बाजार कीमत करीब 69 लाख 43 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में यूज ली स्कॉर्पियो को भी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और फरार तस्कर की तलाश जारी है। कार्रवाई में सिरियारी थानाप्रभारी हुकुम गिरी, डीएसटी टीम प्रभारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में 15 सदस्यों की टीम शामिल रही। कार्रवाई में डीएसटी टीम के कांस्टेबल लक्ष्मणसिंह, रामनिवास, देवीलाल की मुख्य भूमिका रही।