पाली शहर के पुराना बस स्टैंड के पास स्थित डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस को दोबारा बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही कर्मचारी ऑफिस छोड़कर बाहर आए। पिछले दो महीने में ये चौथी बार धमकी भरा र्-मेल आया है। इधर, सूचना मिलते ही ऑफिस के अंदर और बाहर पुलिस जवानों को तैनात कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ई-मेल में लिखा साइनाइड बम से उड़ा दिया जाएगा इससे पहले धमकी की सूचना मिलते ही डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस में हड़कंप मच गया। पूरा स्टाफ ऑफिस छोड़कर बाहर आ गया। सूचना पर कोतवाली थानाधिकारी रविंद्र सिंह खींची पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डाकघर के बाहर जुटी भीड़ को हटाया। डाकघर को भेजे गए ईमेल में लिखा गया है कि पूरे परिसर को साइनाइड बम से उड़ा दिया जाएगा और इसे सामान्य धमकी समझने की गलती न की जाए। धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद कर्मचारियों में घबराहट फैल गई और कामकाज तुरंत रोक दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को बुलाया है। कोतवाल रवींद्र सिंह ने बताया कि टीम द्वारा परिसर की जांच की जाएगी ताकि धमकी की सत्यता का पता लगाया जा सके। मौके पर साइबर टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। डाकघर और पासपोर्ट का काम प्रभावित डाकघर अधीक्षक तरुण कुमार शर्मा ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही सभी ऑफिस के बाहर आ गए थे। सुरक्षा कारणों से पासपोर्ट बनाने और डाकघर से जुड़े सभी कामकाज फिलहाल प्रभावित हो रहे हैं।