पाली शहर में गुरुवार को पीपा दर्जी क्षत्रिय समाज के आराध्य संत पीपा महाराज का 703वां जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। श्री पीपा क्षत्रिय दीक्षित दर्जी समाज पाली के अध्यक्ष विक्रमसिंह भाटी ने बताया कि संत पीपा जयंती महोत्सव के तहत गुरुवार सुबह खौड का बास स्थित चारभुजा मंदिर पर ध्वजा रोहण किया जाएगा। उसके बाद सुबह करीब आठ बजे गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा खौड का बास से रवाना होगी। जिसमें झांकियों के जरिए संत पीपा महाराज के संदेशों को दर्शाया जाएंगा। ध्वजा लिए घुड़सवार शोभायात्रा की अगुवाई करते हुए चलेगा। शोभायात्रा पाली शहर के खौड का बास चारभुजा मंदिर से रवाना होगी। जो गुलजार चौक, उदयपुरिया बाजार, सर्राफा बाजार, जर्दा बाजार, बादशाह का झंडा, जूना हवाला, चेतना होटल होते हुए पानी दरवाजा सिरेघाट पहुंच सम्पन्न होगी। समाज विकास पर करेंगे चर्चा शोभायात्रा समापन के बाद शहर के मंडिया रोड महावीर गृह निर्माण पार्ट बी में स्थित श्री पीपाजी छात्रावास में महाप्रसादी और आम सभा होगी। जिसमें बड़ी संख्या में दर्जी समाज के लोग हिस्सा लेंगे और समाज विकास के मुद्दों पर चर्चा होगी।