पाली के 8वीं क्लास के स्टूडेंट राघव सोनी ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और टाइम ट्रैवल पर आधारित एक विज्ञान-कथा पुस्तक लिखी है। यह पुस्तक विज्ञान, कल्पना और रोमांच का संगम प्रस्तुत करती है। कम साल की उम्र में लिखी गई यह पुस्तक अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है। भविष्य की दुनिया में पहुंच जाता है जैक पुस्तक की कहानी 'जैक' नाम के एक बालक के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में जैक अचानक भविष्य की उस दुनिया में पहुंच जाता है, जहां अत्याधुनिक रोबोट्स ने पूरी मानव सभ्यता पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है। उस दुनिया में सभी इंसान रोबोट्स के आदेशों का पालन करने को मजबूर हैं, लेकिन वर्तमान समय से पहुंचा जैक उनके नियंत्रण में नहीं आता। अपनी बुद्धिमत्ता, साहस और वैज्ञानिक सोच के दम पर वह रोबोट्स की शक्ति के मुख्य स्रोत का पता लगाता है और उनकी पावर सप्लाई बंद कर देता है। इसके बाद रोबोट्स का साम्राज्य समाप्त हो जाता है, मानवता स्वतंत्र हो जाती है और जैक सुरक्षित अपने समय में लौट आता है। इस तरह की कहानी पर हालीवुड में फिल्में भी बन चुकी हैं। तकनीक के जिम्मेदार उपयोग का संदेश यह पुस्तक बच्चों और युवाओं को यह संदेश देती है कि तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग मानवता के हित और कल्याण के लिए होना चाहिए, न कि उस पर शासन करने के लिए। यह रचना विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार, रचनात्मक सोच और तकनीक के जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करती है। राघव सोनी, राजकीय मेडिकल कॉलेज पाली के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण सोनी तथा माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनी के पुत्र हैं। ऑनलाइन उपलब्ध है पुस्तक राघव की यह पुस्तक BriBooks पर प्रकाशित हो चुकी है और विश्वभर के पाठकों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध है। इच्छुक पाठक इसे इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से खरीद सकते हैं। कम उम्र में साहित्य सृजन के क्षेत्र में राघव की यह उपलब्धि अन्य स्टूडेंट्स के लिए भी प्रेरणा बन रही है।