पाली में ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार को एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस बॉडी को मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार की हालत दयनीय होने के कारण सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार, शहर के हाऊसिंग बोर्ड रेलवे फाटक के पास शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मंडिया रोड बीपीएल कॉलोनी निवासी हरीश(48) पुत्र कन्हैयालाल की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाई। मृतक के भाई ने बताया कि हरीश बीपीएल कॉलोनी में अकेला ही रहता था, इसलिए उन्हें नहीं पता कि वह घर से कब निकला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों को सौंपा और जांच शुरू की। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया अंतिम संस्कार मृतक के परिवार की आर्थिक हालत काफी कमजोर है। ऐसे में सामाजिक कार्यकर्ता पिन्टू मोहम्मद, महेंद्र कुमार, मोहन भाटी, नरेश, नितिन, विजय ने उसके अंतिम संस्कार करने की पूरी व्यवस्था की।