पाली शहर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से मंगलवार दोपहर लोगों को कुछ राहत मिली। अचानक मौसम बदला और पहले बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट से अधिक समय तक हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। हालांकि बारिश के बाद भी शहर में उमस का असर बना हुआ है। पाली में 9 सितंबर से गर्मी का असर तेज बना हुआ है। उमस के कारण लोग परेशान हैं और गर्मी से राहत के लिए घरों में एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं। मंगलवार दोपहर अचानक आसमान में बादल छाए और बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके कुछ देर बाद तेज बारिश हुई, जो 20 मिनट से अधिक समय तक जारी रही। मंगलवार को पाली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को भी शहर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।