हरियाणा के पलवल में गोल्ड ज्वेलरी का काम करने वाले एक युवक ने अपने छोटे भाई का मर्डर कर दिया। उसने चाकू से कई वार किए, फिर सुए से भी कई जगह घोंपा। इसके बाद आरोपी कुछ देर बाजार में घूमता रहा। फिर खुद ही थाने पहुंच गया और वहां मुंशी से बोला- मैंने अपने भाई को मार दिया है, कमरे में उसकी लाश पड़ी है, जाकर देख लो। इतना सुनते ही वहां मौजूद पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत युवक को गाड़ी में बैठाया और वारदात स्थल पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाई राजस्थान के रहने वाले है और यहां सोने की गलाई का काम करते थे। फिलहाल, आरोपी पुलिस की हिरासत में है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. हत्या के बाद कुछ देर तक बाजार में भी घूमता रहा पुलिस के मुताबिक, हत्या की यह वारदात बुधवार सुबह करीब चार बजे की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सुरेश कुछ देर तक बाजार में घूमता रहा। उसने आसपास के लोगों को भी बताया कि उसने अपने भाई की हत्या कर दी है। पहले तो लोगों ने इसे मजाक समझा, लेकिन जब सुरेश ने जोर देकर कहा तो उन्होंने पुलिस थाने जाने को कहा। दोनों भाइयों में हुई थी कहासुनी, आरोपी हिरासत में शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि आरोपी सुरेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद सुरेश ने हत्या कर दी। कहासुनी किस बात पर हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच करने में जुटी है। मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है, उनके आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।