पंचायत चुनाव के जिला परिषद सदस्यों को लेकर नॉमिनेशन की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई थी। बुधवार को सभी नॉमिनेशन की स्क्रूटनिंग की गई। करीब 208 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया था। बुधवार को स्क्रूटनिंग के दौरान कांग्रेस और आरएलपी के तीन प्रत्याशियों के फॉर्म रिजेक्ट कर दिए गए। इसके अलावा 57 का नॉमिनेशन भी ​रिजेक्ट किया गया है। ऐसे में अभी 148 प्रत्याशियों का पर्चा स्वीकृत किया गया है। ​सहायक रिटर्निंग अधिकारी बोले-तीनों में चार्ज फ्रेम था सहायक रिटर्निंग अधिकारी जवाहर सिंह ने बताया- नॉमिनेशन फॉर्म की स्क्रूटनिंग के तहत कांग्रेस और आरएली के प्रत्याशियों के फॉर्म रिजेक्ट किए गए। वार्ड नंबर 20 से कांग्रेस और वार्ड नंबर 11 और 13 से आरएलपी के उम्मीदवारों के नॉमिनेशन रिजेक्ट किए गए हैं। इनमें कॉमन ये था कि इनके खिलाफ न्यायालय में मामले थे। चार्ज फ्रेम किया हुआ है। इसकी जानकारी शपथ पत्र में थी। इसके बाद इनके नॉमिनेशन को रिजेक्ट किया गया है। गौरतलब है कि वार्ड नंबर 20 से कांग्रेस ने महेंद्र, वार्ड नंबर 11 से आरएलपी उम्मीदवार सेम्भूराम और वार्ड नंबर 13 से संपतराज का नॉमिनेशन रिजेक्ट हुआ है। इसके अलावा आरएलपी के एक और प्रत्याशी का फॉर्म अधूरा भरा होने और जमानत राशि जमा नहीं होने की वजह से रिजेक्ट किया गया। वार्ड वार की गई थी स्क्रूटनिंग ​सहायक रिटर्निंग अधिकारी जवाहर सिंह ने बताया- नॉमिनेशन फॉर्म को लेकर वार्ड वार स्क्रूटनिंग की गई थी। इस दौरान संबंधित प्रत्याशी भी मौजूद रहे। जो नियम में थे, उन्हें स्वीकृत किया गया। बाकी को रिजेक्ट किया गया। उन्होंने बताया- कुल 208 नॉमिनेशन आए थे, कांग्रेस और आरएलपी के इन तीन के अलावा 57 और फॉर्म को रिजेक्ट किया गया है। अब कुल 148 नॉमिनेशन हैं।