पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर शनिवार शाम डीओआईटी सभागार में कानून और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने को कहा गया। मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और चुनाव के दौरान अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। मतदान केंद्रों के नियमों की पालना सुनिश्चित करें जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करने को कहा। उन्होंने मतदान केंद्रों की निर्धारित परिधि से जुड़े नियमों का पालन करवाने और मतदान को प्रभावित करने वाली अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। बिजली, पानी और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इनमें बिजली सप्लाई, पेयजल, छाया और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था शामिल है। काले शीशे और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने चुनाव के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अवैध वाहनों, काले शीशे लगी गाड़ियों और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी जुड़े अधिकारी बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा सहित पुलिस अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपखंड स्तर के अधिकारी और कार्मिक भी बैठक से जुड़े।