पांचू रोही में आवारा कुत्तों के हमले में एक तीन वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे हुई, जब बालक खेत में खेल रहा था। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। भामटसर निवासी रामलाल डूडी का पुत्र राजवीर डूडी अपने ननिहाल पांचू आया हुआ था। शाम को जब उसके परिजन खेत में कृषि कार्य कर रहे थे, तब राजवीर ट्यूबवेल के पास खेल रहा था। इसी दौरान कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बालक के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। बालक की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। घायल राजवीर को तुरंत पांचू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर कर दिया। ग्रामीण अशोक सियाग ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। पिछले दो महीनों में इन कुत्तों ने लगभग 2 दर्जन गायों और बछड़ों को भी मार डाला है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत प्रशासन और उच्च अधिकारियों को इन कुत्तों के खतरे के बारे में कई बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।