पनवाड़ थाना पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जमीन के मुनाफे के पैसे और मोबाइल की बैटरी को लेकर हुए विवाद में कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की थी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह घटना शराब पार्टी के दौरान हुई। आरोपी और मृतक के बीच जमीन के मुनाफे के पैसों और मोबाइल चार्ज करने के लिए दी गई बैटरी को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर रामगोपाल की हत्या कर दी। मामला 30 अप्रैल 2026 को सामने आया, जब फरियादी सांवरिया (23) पुत्र रामगोपाल, निवासी हरीगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता रामगोपाल (70) पुत्र बालाजी भील, निवासी हरीगढ़, रोजाना की तरह सुबह गांव से 2-3 किलोमीटर दूर हरीगढ़ के माल में स्थित कुएं पर बकरियां और भैंस चराने गए थे। देर शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 9:30 बजे वे खेत पर पहुंचे, जहां रामगोपाल मृत अवस्था में मिले। उनके दाहिने गाल पर कान के पीछे और ललाट पर दाहिनी तरफ गंभीर चोटें थीं, जिससे प्रतीत हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घातक हथियारों से वार कर उनकी हत्या की है। इस सूचना पर पनवाड़ पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के अपने ही परिचित ने कर दी हत्या थानाधिकारी जाकिर हुसैन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। गठित टीम ने मौके पर एफएसएल टीम, एमआईयू टीम व डॉग स्क्वायड से सबूत एकत्रित कराए गए। तकनीकी विश्लेषण व आसूचना संकलन व मुखबीर से प्राप्त आसूचना पर मृतक रामगोपाल की हत्या करने वाले आरोपी जितेन्द्र को गिरफ्तार कर अनुसंधान किया तो अनुसंधान व आरोपी से पूछताछ में पाया कि आरोपी शराबी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, उसे घर वालों ने घर से बाहर निकाल रखा था और वह अपने खेत पर बनी टापरी पर अकेला ही रहता था। आरोपी और मृतक रामगोपाल दोनों का खेत पास-पारा होने व एक ही जाति समाज के होने से दोनों में मेल मिलाप था। आरोपी के हिस्से की जमीन मुनाफे से मृतक रामगोपाल जुताई करता था। इसके कुछ रुपए आरोपी को देने शेष थे। घटना से 5 दिन पूर्व आरोपी ने अपने मोबाइल की बेट्री चार्ज करने के लिए मृत्तक रामगोपाल को दी थी जो मृतक ने वापस नहीं लोटाई थी। मृतक और आरोपी ने की थी शराब पार्टी पुलिस ने बताया कि घटना के दिन आरोपी व मृतक दोनों ने खेत पर साथ ही बैठकर खाना बनाया और शराब का सेवन किया। इसी दौरान आरोपी व मृतक के बीच जमीन मुनाफे के पैसे व मृतक को चार्ज करने के लिए दी गई मोबाइल की बेट्री को लेकर विवाद हो गया, इस पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर रामगोपाल की नृशंस हत्या कर दी। साढू की हत्या का आरोपी गिरफ्तार ग्राम कोथलाघ‌ट्टी ईलाका थाना मण्डावर में अपने ही साढू बबलू भील की हत्या करने वाले आरोपी कमलेश भील को थाना मण्डावर पुलिस टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता अर्जित की। मृतक की पत्नी फरियादिया गुड्डी बाई पत्नी बबलू भील निवासी मोडक ने बताया कि मेरे पीहर में छोटी बहन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जहां पर मृतक का साढू कमलेश भील पुत्र कन्हैयालाल भील निवासी संजय कॉलोनी झालावाड़ आया। जिसने मेरे पति बबलू पुत्र नानूराम निवासी मोडक जिला कोटा के पेट में चाकू मार दिया। इससे झालावाड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बबलू भील की मृत्यु हो गई। इस पर प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई की। विशेष पुलिस टीम ने हत्याकाण्ड करने वाले आरोपी कमलेश भील को गिरफ्तार किया। आरोपी से अनुसंधान व पूछताछ करने पर सामने आया कि आरोपी कमलेश ने ससुराल में वर्चस्व बढ़ाने की रंजिश के कारण साढू को चाकू से मारपीट की थी।