कोटपूतली के पावटा तहसील के भैसलाना पटवारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पैतृक जमीन बंटवारे की रिपोर्ट पेश करने करने के लिए 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिसकी पहली किश्त 40 हजार रुपए लेते हुए पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा गया है। कार्रवाई भिवाड़ी चौकी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने की है। पटवारी प्रमोद सामरिया को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश थे एसीबी डीएसपी परमेश्वर लाल ने बताया- परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पिता की पैतृक जमीन के बंटवारे का मामला पिछले 5-6 वर्षों से एसडीएम कोर्ट में लंबित था। 20 जून 2025 को कोर्ट ने परिवादी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए पटवारी को रिपोर्ट तैयार कर पेश करने का निर्देश दिया था। रिपोर्ट पेश करने के मांगे थे एक लाख रुपए इसके बावजूद पटवारी ने रिपोर्ट पेश नहीं की और इसके एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान 29 अप्रैल 2026 को ये पुष्टि हुई कि आरोपी पटवारी ने 80 हजार रुपए में सौदा तय किया था, जिसे तीन किस्तों में लिया जाना था। पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपए देने की बात सामने आई। इसके बाद एसीबी टीम ने उप महानिरीक्षक पुलिस भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में ट्रैप की योजना बनाई। भिवाड़ी चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।