लोक देवता तेजाजी महाराज के मेले को लेकर सोमवार को आसपास के गांवों से सैकड़ों महिला-पुरुष तेजाजी महाराज की झांकियों के साथ पदयात्रा करते हुए मेले में पहुंचे। इससे हाइवे सहित गांवों की सड़कें दिनभर तेजाजी महाराज के जयकारों से गूंजती रहीं। भाड़ौती के टंटा का बालाजी धाम पर पदयात्रियों ने ध्वज पूजन किया। इसके बाद सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु तेजाजी महाराज की झांकी के साथ खिरनी स्थित तेजाजी मेले के लिए रवाना हुए। रास्ते में श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। इसी प्रकार बड़ागांव कहार, तारनपुर, गंभीरा, भारजा नदी व कुंडली नदी सहित आसपास के अन्य गांवों से भी श्रद्धालु तेजाजी महाराज की झांकियां लेकर पदयात्रा करते हुए मेले में पहुंचे।