कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी कॉलोनी में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 53 वर्षीय अशोक कुमार अपने घर के बाहर अचेत अवस्था में पड़े मिले। सबसे पहले उन्हें उनके छोटे बेटे ने देखा, जिसके बाद तुरंत पड़ोसियों और रिश्तेदारों को बुलाया गया। परिजन अशोक कुमार को आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी जांच के बाद डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। मृतक के बेटे जितेंद्र सेन ने बताया कि वह और उसकी बहन काम पर गए हुए थे। इस दौरान छोटे भाई ने पिता को घर के बाहर गिरे हुए देखा। उन्होंने यह भी बताया कि पिता को पहले कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, हालांकि हाल ही में उन्हें उल्टियां हो रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही विज्ञान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। विज्ञान नगर थाने के हेड कांस्टेबल इंसाफ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।