फलोदी जिले में पुलिस ने अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए आज एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस अभियान के तहत कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 7 जघन्य अपराधों में वांछित अपराधी, 4 स्थायी/गिरफ्तारी वारंटी (धारा 335 बीएनएसएस), 3 सामान्य प्रकरणों के वांछित अपराधी, धारा 170-126 बीएनएसएस के तहत 27 व्यक्ति और 1 इनामी अपराधी शामिल हैं। 26 टीमों ने किया गठन एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि यह अभियान एडीशनल एसपी ब्रजसिंह चारण, वृताधिकारी फलोदी अचल सिंह देवड़ा और वृताधिकारी लोहावट नगेन्द्र कुमार के सुपरविजन में चलाया गया। जिलेभर में 26 टीमें गठित की गईं, जिनमें 114 पुलिसकर्मी तैनात थे। इन टीमों ने 193 स्थानों पर दबिश देकर वांछित अपराधियों को पकड़ा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया। दो मामलों में अवैध मादक पदार्थ किया बरामद अभियान के दौरान दो मामलों में अवैध मादक पदार्थ बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त, दो मामलों में अवैध शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस अभियान में थानाधिकारी फलोदी भंवराराम, थानाधिकारी मतौडा अमानाराम, थानाधिकारी चाखू प्रेमाराम, थानाधिकारी देचू, थानाधिकारी बाप रमेश ढाका, थानाधिकारी नोख मांगीलाल, थानाधिकारी जांबा रूपाराम, थानाधिकारी भोजासर जमील खान और थानाधिकारी लोहावट हरिसिंह ने अपने जाब्ते के साथ कार्यवाही में भाग लिया।