राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का स्थापना दिवस बुधवार को फलोदी में मनाया। इस अवसर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता और पारदर्शी प्रशासन के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में एसीबी भूपेंद्र सिंह शेखावत ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता तथा कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर एसीबी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। शेखावत ने इस दौरान कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से बिना किसी भय के भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें एसीबी तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में एसीबी के कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इसका समापन भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं जवाबदेह प्रशासन की भावना को मजबूत करने के संदेश के साथ हुआ।