फलोदी कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने 'मां री संभाल अभियान', 'लाडो प्रोत्साहन योजना', 'टीबी मुक्त अभियान', मौसमी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को 'मां री संभाल अभियान' के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर गर्भवती महिलाओं की सभी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिविरों के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने पर भी जोर दिया। सीएमएचओ डॉ.प्रताप सिंह से अभियान की फीडबैक रिपोर्ट लेते हुए, कलेक्टर ने शिविरों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। 'लाडो प्रोत्साहन योजना' की समीक्षा के दौरान, राज्य में लगातार दूसरा स्थान प्राप्त करने पर जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को प्रोत्साहित किया। बैठक में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, एएनसी, परिवार कल्याण, वय वंदन योजना, आभा कार्ड, आयुष्मान आरोग्य योजना, आईएचआईपी पोर्टल पर डेटा एंट्री, यूडीआईडी, संस्थागत प्रसव, पीसीपीएनडीटी योजना, आरबीएसके योजना और टीबी मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।