फलोदी से पुष्करणा कांवड़ यात्रा-2026 के लिए शिव भक्तों का एक दल हरिद्वार के लिए रवाना हो गया है। इस यात्रा का आयोजन पुष्करणा ब्राह्मण समाज, फलोदी और चम्पा दादी ग्रुप के सहयोग से किया जा रहा है। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष लगाए। 22 जुलाई से होगा शुभारंभ आयोजकों के अनुसार, पुष्करणा कांवड़ यात्रा का विधिवत शुभारंभ 22 जुलाई 2026 को हरिद्वार से होगा। शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर फलोदी पहुंचेंगे, जहां विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सत्यनारायण मंदिर तक निकलेगी यात्रा फलोदी पहुंचने के बाद 1 अगस्त को प्रातः 11 बजे नागौर चौराहे से सत्यनारायण मंदिर तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में समाज के श्रद्धालु अपने परिवार सहित भाग लेंगे। इसी दिन रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक सत्यनारायण मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन, 2 अगस्त को प्रातः सत्यनारायण मंदिर में महारुद्राभिषेक किया जाएगा। इसमें वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का विशेष पूजन-अर्चन होगा। आयोजन का समापन 2 अगस्त को शाम 6:30 बजे पुष्करणा कटला नंबर 4, गुचियों की बगीची के पीछे आयोजित पुष्करणा सम्मेलन एवं महाप्रसादी के साथ होगा। आयोजकों ने समाज के सभी सदस्यों से इन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया है।