चार साल की सैन्य सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों के पुनर्वास को लेकर राजस्थान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय ने पूर्व अग्निवीरों को पुलिस बल में शामिल करने के लिए कांस्टेबल पद पर ‘प्रोविजनल ऑफर ऑफ अपॉइंटमेंट’ जारी करने शुरू कर दिए हैं। पीएचक्यू में भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड की ओर से आदेश जारी होने के साथ ही अग्निवीरों की पुलिस में सीधी नियुक्ति का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के डीआईजी मनोज कुमार के हस्ताक्षर से नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को औपचारिक नियुक्ति व पदस्थापना के लिए 1 दिसंबर से 10 दिसंबर, 26 के बीच पुलिस मुख्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। वहां मूल दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन के बाद अभ्यर्थी की योग्यता, पूर्व सैन्य अनुभव और विभागीय आवश्यकता के आधार पर संबंधित पद (कांस्टेबल सामान्य/चालक/अन्य संवर्ग) और जिले/यूनिट का आवंटन किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सेना से चार साल का कठोर सामरिक प्रशिक्षण और अनुशासन लेकर लौटने वाले अग्निवीरों के राजस्थान पुलिस में जुड़ने से बल की कार्यक्षमता और कानून-व्यवस्था प्रबंधन को जमीनी मजबूती मिलेगी। यह भर्ती प्रस्ताव पूरी तरह से अभ्यर्थी की अंतिम पात्रता, चिकित्सकीय फिटनेस और दस्तावेजों की वैधता के अधीन रहेगा। ये दस्तावेज होने जरूरी अग्निवीर सेवा से विधिवत सेवानिवृत्त/कार्यमुक्त होने का प्रमाण पत्र (डिस्चार्ज बुक/सर्टिफिकेट)। मान्यता प्राप्त बोर्ड से शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र व अंकतालिकाएं । सक्षम अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र । पहचान सत्यापन के लिए मूल आधार कार्ड व पासपोर्ट साइज फोटो ।