गर्मियों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए जल संसाधन विभाग पिछोला और फतहसागर झील को अलसीगढ़, मादड़ी और आकोदड़ा बांध से पानी लाकर भर रहा है। इससे पिछोला का जलस्तर 9.7 फीट और फतहसागर का 9.2 फीट तक पहुंच गया है। अलसीगढ़ और मादड़ी बांध खाली हो चुके हैं, जबकि आकोदड़ा बांध से अभी रोजाना 52 क्यूसेक पानी की आपूर्ति जारी है। 19 मार्च को तीनों बांधों से पानी डायवर्ट किया गया था। उस समय फतहसागर का जलस्तर 8.6 फीट और पिछोला का 8.5 फीट था। अब फतहसागर में 8 इंच और पिछोला में 1.2 फीट की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विभाग का दावा- मानसून तक नहीं आएगी पानी की दिक्कत शहर में पीएचईडी विभाग पिछोला से 31 एमएलडी और फतहसागर से करीब 15 एमएलडी पानी उठा रहा है, जिससे ओल्ड सिटी के सवा लाख और अन्य क्षेत्रों के करीब 50 हजार लोगों को पेयजल मिल रहा है। विभाग का कहना है कि मौजूदा स्थिति में मानसून तक पानी की कोई दिक्कत नहीं रहेगी। जल संसाधन विभाग ने दोनों झीलों का जलस्तर 10-10 फीट तक पहुंचाने की योजना बनाई थी, जो अब 9 फीट पार कर चुका है। पिछोला से रोजाना करीब 1 एमसीएफटी और फतहसागर से आधा एमसीएफटी पानी का उठाव हो रहा है। इसी स्थिति में अगले 3 माह तक जल संकट की आशंका नहीं है।