झुंझुनूं में एटीएम मशीनों में कैश भरने का काम करने वाली कंपनी 'सीएमएस' (CMS) के दो कर्मचारी शनिवार(27 जून) से कैश के साथ लापता हैं। शुरुआती जांच में एटीएम मशीनों में करीब 30 लाख रुपए कैश कम पाया गया है। घटना के चार दिन बाद मंगलवार(30 जून) को पिलानी थाना इलाके में कैश वैन लावारिस हालत में मिली, जिसमें एटीएम मशीनों की चाबियां भी थी। हालांकि आंतरिक जांच में एक करोड़ रुपए से अधिक का कैश कम मिलने की आशंका है। सीएमएस कंपनी के सीकर शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सोलंकी और अन्य प्रतिनिधियों ने पिलानी थाने में दोनों फरार कर्मचारियों के खिलाफ बुधवार को शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस में शिकायत, फाइनल रिपोर्ट आने पर दर्ज होगा मामला कंपनी प्रबंधन की ओर से पिलानी थाने में सौंपी शिकायत के अनुसार- सुमेर सिंह और संदीप सिंह दोनों सीएमएस वैन से कैश डिपॉजिट करने का काम करते हैं। दोनों पिछले एक साल से पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के एटीएम में कैश डालने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शनिवार(27 जून) को ये दोनों अचानक काम से नदारद हो गए। जब काफी समय तक इनका पता नहीं चला, तो कंपनी प्रबंधन ने कैश वैन की जीपीएस से ट्रैकिंग शुरू की। इसके बाद पिलानी थाना इलाके में वैन लावारिस हालत में खड़ी मिली। वैन की तलाशी में एटीएम की चाबियां सुरक्षित मिलीं, लेकिन जो नकदी मशीनों में होनी चाहिए थी, वह गायब थी। 28 ATM में कैश डिपॉजिट करने की थी जिम्मेदारी ​इसके बाद कंपनी की ऑडिट टीमों ने मशीनों से कैश का मिलान शुरू किया, तो केवल पिलानी क्षेत्र की मशीनों में ही 30 लाख से अधिक का कैश कम मिला। फिलहाल सभी 28 ATM में कैश मिलान की जांच चल रही हैं। कंपनी प्रबंधन की शिकायत के अनुसार, कंपनी के कुल 28 एटीएम मशीनों की जिम्मेदारी इन कर्मचारियों पर थी। शेष मशीनों की जांच जारी है। आशंका है कि कुल गबन की राशि एक करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। थानाधिकारी बोले- शिकायत मिली है, कंपनी कर रही जांच पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान सिंह चौधरी ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधियों ने प्रारंभिक शिकायत दी है। अभी कंपनी प्रबंधन ही सभी ATM की जांच कर रहे हैं। कंपनी को जल्द से जल्द फाइनल ऑडिट रिपोर्ट देने को कहा है। अभी कंपनी को सटीक राशि का पता नहीं है, आंकड़ा बढ़ भी सकता है, ऐसे में फाइनल रिपोर्ट मिलने बाद ही मामला दर्ज करेंगे।