टोंक में पीपलू थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गहलोद गांव स्थित नीम वाले सिद्ध बाबा के आश्रम में छापा मारकर करीब 35 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 17 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले में आश्रम संचालक बाबा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी रोशन मीना के निर्देश पर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी जयमल सिंह और डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहलोद स्थित आश्रम की कुटिया में दबिश दी। तलाशी के दौरान कुटिया में रखे लकड़ी के तख्त के नीचे छह सफेद प्लास्टिक के कट्टों में हल्के सूखे गांजे के पौधे और पत्तियां छिपाकर रखी मिलीं। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कुल 35.5 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से बाबूलाल उर्फ श्याम सुंदर दास (55) पुत्र केसरा माली निवासी गहलोद, थाना पीपलू (टोंक) को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से आया और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।