पंचायतीराज चुनाव के दौरान भोपालगढ़ थाना क्षेत्र के रूदिया गांव में मतदान बूथों की चेकिंग करने पहुंचे पुलिस जाब्ते पर पथराव कर दिया गया। घटना में हनुमानगढ़ जिले के कांस्टेबल अशोक सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों दिनेश (33) पुत्र भोमाराम, रहीशाराम (36) पुत्र धन्नाराम और धर्मेंद्र (30) पुत्र पन्नाराम को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल 15 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें से उम्मेदाराम, विनोद, चोलाराम, बुद्धाराम मेघवाल, दिनेश मेघवाल, विक्रम सिहाग, महेंद्र मेघवाल, सियाराम, शेराराम, महेंद्र, छैलसिंह और कुलदीप की तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। भोपालगढ़ के नांदिया प्रभावती में पूर्व सरपंच शारदा बिश्नोई के घर फायरिंग व गाड़ियों में तोड़फोड़ का आरोपी विक्रम नांदिया अब तक फरार है। चुनाव ड्यूटी में पुलिस की व्यस्तता के चलते उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। 27 अक्टूबर की देर रात पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग, मुख्य गेट पर लातें मारने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। पूर्व सरपंच की ओर से दर्ज एफआईआर में नांदिया पर फायरिंग, कार के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, उसके साथ छोटू सिंह और 10-15 अन्य लोग भी थे। इस दौरान अनिल बिश्नोई को पिस्टल दिखाकर मारपीट करने और पत्थर व हॉकी से पीटकर घायल करने का भी आरोप है। इधर, पूर्व सरपंच के घर फायरिंग करने का आरोपी नांदिया फरार बूथ पर भाजपा एजेंट से झगड़ा कर रहे थे भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूराम बामणिया ने बताया कि बुधवार को पंचायती राज चुनाव की ड्यूटी के दौरान पुलिस जाब्ता सुरपुरा, हिंगोली, कुंभारा, नाडसर, धोरू, आरटिया कला, आरटिया खुर्द, नांदिया प्रभावती, बिराणी, रूदिया, हिरादेसर, मंडली और ओस्तरा सहित विभिन्न स्थानों पर गश्त कर मतदान बूथों की जांच कर रहा था। इसी दौरान जाब्ता बिराणी पहुंचा तो सूचना मिली कि रूदिया ग्राम पंचायत में कुछ लोग भाजपा एजेंट जबरसिंह से झगड़ा कर रहे हैं। फर्जी वोटिंग और मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में लोगों के खड़े होने की सूचना भी मिली। इस पर भोपालगढ़ पुलिस आरएसी और हनुमानगढ़ से मिले अतिरिक्त जाब्ते के साथ रूदिया पहुंची। स्कूल के गेट के सामने काफी लोग समूह में खड़े थे। पुलिस जाब्ते को देखकर वहां मौजूद लोगों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस दौरान कांस्टेबल अशोक के सिर पर पत्थर लगा, जबकि कांस्टेबल प्रकाश और बुद्धिप्रकाश को भी चोटें आईं। घायलों को रूदिया अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि बाकी आरोपी पुलिस जाब्ते और सरकारी वाहन पर पत्थर फेंकते हुए झाड़ियों और बबूल की आड़ लेकर भाग गए।