सुस्त पुलिस... सोती रहती है। आमजन त्रस्त है मगर बदमाश आश्वस्त हैं कि पुलिस जब तक एक्टिव होगी, वो टॉप गियर में फरार हो जाएंगे। हमारी सुपर पुलिसिंग का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि 36 घंटे में बेखौफ बदमाश फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से महज 21 किमी इलाके में 4 चेन छीनकर पुलिस को चैलेंज देते हैं। शुरुआत मंगलवार सुबह 6 बजे वैशाली नगर के क्वींस रोड पर जिम के बाहर खड़ी महिला के गले से चेन तोड़कर करते हैं। बुधवार को 2:45 घंटे में बजाज नगर, जवाहर सर्किल और शिप्रा पथ थाना क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। यानी बदमाश चेन तोड़ने के बाद शहर में ही थे और बाइक पर ही घूमकर नए शिकार तलाश रहे थे। मौका मिलते ही फिर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। ...और इधर, औपचारिकता निभाने के लिए पीएचक्यू के आदेशों की पालना में लगी पुलिस 70 पॉइंट्स पर 3 घंटे तक नाकाबंदी की। पीक टाइम में चेकिंग के चक्कर में शहर की रफ्तार धीमी हो गई। चेन स्नैचर तो नहीं मिले मगर जाम में लोगों का चैन छिनता नजर आया। सवाल है कि सिस्टम को चैलेंज करने वाले इन बदमाशों को पुलिस घुटनों पर कब लाएगी? 21 किमी दायरे में बेखौफ बाइकर मंगलवार सुबह 6 बजे पहली वारदात, वैशाली नगर में जिम जा रही वृद्धा को बनाया था शिकार, आस्था त्रिपाठी यहां रोजाना जिम करने आती हैं। मंगलवार सुबह 6 बजे जैसे ही वे पहुंची गले से चेन तोड़ ली। बुधवार दोपहर 3:04 बजे बदमाशों ने बुधवार को पहली वारदात दोपहर 3:04 बजे बजाज नगर थाना इलाके में महेश नगर फाटक के पास की। पहले उन्होंने एक वृद्ध महिला बह्मा शर्मा निवासी इमली वाला फाटक ज्योति नगर को चिह्नित किया। जब उसके आस-पास कोई नहीं दिखा और रास्ता साफ होते ही चेन तोड़कर फरार हो गए। दोपहर 3:40 बजे तीसरी जवाहर सर्किल थाने में सेक्टर-10, मालवीय नगर रेलवे लाइन के पास राजेश जैन से वारदात हुई। वे स्टेशनरी शॉप आए थे। जीटी पुलिया की ओर से आए बदमाशों ने कार से उतरते समय चेन तोड़ ली। शाम 5:45 बजे चौथी शिप्रा पथ क्षेत्र में पटेल मार्ग पर ऑटो का इंतजार कर रही नेहा जैन के गले से चेन तोड़ी। वह अपनी सहयोगी के साथ ऑटो का इंतजार कर रही थी। ये रहा रूट; महेश नगर फाटक, त्रिवेणी नगर पुलिया के रास्ते, गोपालपुरा बाईपास होते हुए हिम्मत नगर के रास्ते मालवीय नगर, रेलवे लाइन के सहारे सेक्टर-13, जवाहर सर्किल होते हुए बीटू बाईपास के रास्ते शिप्रा पथ पहुंचे। भरतपुर की फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से वारदात, असली मालिक थाने ले आया ‘जुड़वां’ बाइक…