नगर निगम के वार्ड-10 सीकर रोड दो नंबर कट पर सियासत तेज हो गई है। कट नहीं खुलने से मुरलीपुरा स्कीम व्यापार मंडल के व्यापारी विरोध में उतर आए हैं, क्योंकि ग्राहकी आधी हो गई। आरोप है कि निगम चुनाव के समय वार्ड-10 से भाजपा की पार्षद उम्मीदवार पलक यादव ने इस कट को जेसीबी से खुलवा दिया था। वे चुनाव जीत कर पार्षद बन गईं और जेडीए ने कट फिर बंद दिया। व्यापारियों का कहना है कि यह कट बंद होने से 30 कॉलोनियां सीधे प्रभावित हो रही हैं। इनके सहित बाहर से आने वाले व्यापारियों को 1 किमी चक्कर लगाकर आना पड़ रहा है। इसके चलते ग्राहकी 50% ही रह गई है। स्थिति यह है कि त्योहारी सीजन और दीपावली पर भी रौनक नहीं लौटी। व्यापारी इसे फिर से खुलवाने के लिए सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने बाजार बंद रखा और आक्रोश रैली निकालकर विरोध जताया। 200 दुकानों का बाजार, 100 से ज्यादा होलसेल मुरलीपुरा का यह बाजार सीकर रोड के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में शामिल है। यहां 200 दुकानें हैं। इनमें 100 से ज्यादा होलसेल कारोबार से जुड़ी हैं। बाजार में चौमूं, गोविंदगढ़, राजावास, रामपुरा डाबड़ी के साथ सीकर और झुंझुनूं तक से खरीदार आते हैं। सीकर रोड पर यह कट बंद होने से मुरलीपुरा स्कीम बाजार में जाने के लिए 1 किमी का चक्कर लग रहा दुकानों पर बोर्ड- हमारे लिए दिवाली खास नहीं कट का विरोध करते हुए व्यापारियों ने दुकानों पर ‘हमारे लिए दिवाली खास नहीं, क्योंकि रोड कट बंद है और ग्राहक नहीं आ रहे’ लिखे बोर्ड दुकानों के बाहर लगाए हैं। समिति महासचिव नवरतन अग्रवाल, उपाध्यक्ष रामनिवास खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष शशिकांत शर्मा, सुनील पारीक सहित व्यापारियों और कॉलोनीवासियों ने कट खोलने की मांग की है। व्यापार संगठन का कहना है कि रोड नंबर-2 का कट केवल बाजार के लिए ही नहीं, आसपास की 30 से ज्यादा कॉलोनियों की आवाजाही का भी प्रमुख रास्ता है। कट बंद होने से स्थानीय लोगों को भी लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। कारोबार में गिरावट का असर रोजगार पर भी पड़ने लगा है। बाकी कट खुले तो सीकर रोड 2 नंबर कट क्यों बंद? मुरलीपुरा स्कीम व्यापार मंडल विकास समिति ने चौमूं पुलिया से 14 नंबर पुलिया के बीच डिवाइडर कट की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। समिति अध्यक्ष मनमोहन शर्मा का कहना है कि सीकर रोड के इस हिस्से में कई जगह आवागमन के लिए कट खुले हैं, लेकिन मुरलीपुरा बाजार की ओर आने वाला रोड नंबर-2 का प्रमुख कट बंद है। हरमाड़ा और वीकेआई की ओर से आने वाले वाहन चालकों को मुरलीपुरा बाजार पहुंचने के लिए रोड नंबर-1 की तरफ जाकर यू-टर्न लेना पड़ता है। वहीं, मुरलीपुरा से जयपुर शहर या विद्याधर नगर की ओर जाने वालों को रोड नंबर-5 तक जाकर घूमना पड़ता है। व्यापारियों के मुताबिक इससे एक किमी से ज्यादा अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।