बजरंगगढ़ | कस्बे सहित क्षेत्र में बुधवार रात अचानक आई आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सबसे ज्यादा नुकसान किसानों, ग्रामीणों को हुआ। पंडाली के गांव निवासी भंवरलाल नागर, सिमलिया गांव निवासी मनीष नागर, आंकोदिया गांव निवासी पुरुषोत्तम नागर ने बताया कि आंधी के कारण उनके पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त हो गए। हवा का दबाव इतना ज्यादा था ​कि पॉलीहाउस की चादरें फट गईं। ढांचा भी क्षतिग्रस्त हो गया। तीनों किसानों के मुताबिक नुकसान लाखों रुपए का है। पॉलीहाउस के अंदर लगी फसलें खुले आसमान के नीचे आ गईं। आंधी का असर घरों पर भी दिखा। कई कच्चे घरों, झोपड़ियों के टिन-टप्पर उड़कर दूर जा गिरे। घरों में रखा अनाज, जरूरी सामान मलबे, धूल की चपेट में आकर खराब हो गया। कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते बंद हो गए। बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त होने से बिजली सप्लाई ठप होने से रात भर अंधेरा छाया रहा।