धौलपुर जिले में सेड़ी उपखंड के पूठपुरा गांव में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक परिवार का हजारों रुपए का घरेलू सामान और सालभर का अनाज जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार पूठपुरा निवासी संजू सिंह पुत्र रामवीर सिंह के घर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे में रखा सारा सामान अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और मिट्टी की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक संपत्ति को भारी नुकसान हो चुका था। पीड़ित परिवार के अनुसार आग में सालभर के लिए रखा गेहूं सहित अन्य अनाज के कट्टे, कपड़े, बिस्तर और घरेलू उपयोग का कीमती सामान जल गया। इसके अलावा घर में रखी कुछ नकदी भी आग की चपेट में आ गई। पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का मुआयना कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।