इस्लामपुर | रतनशहर रेलवे स्टेशन पर बने रेलवे अंडरपास में गड्ढे हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। अंडरपास में लगभग एक-एक फीट के कई गड्ढे बने हुए हैं। इससे हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है। अंडरपास में बने इन गड्ढों से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास से गुजरते वक्त साइड देते समय छोटे वाहन इन गड्ढों में हिचकोले खाते रहते हैं। इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। वाहन चालकों का कहना है कि अंडरपास की सड़क पूरी तरह जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे हर समय हादसे का डर बना रहता है। छोटे वाहन चालक रोजाना इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इन दिनों बारिश का मौसम चल रहा है। इसके चलते अंडरपास के गड्ढों में पानी भर जाता है। वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते। वे इनमें गिरकर चोटिल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द अंडरपास की सड़क दुरुस्त करवाने की मांग की है।