कोटपूतली जिले की प्रागपुरा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 3.6 टन (3674.440 किलोग्राम) अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा पकड़ा पुलिस ने बताया- प्रागपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडाकाबास-पावटा क्षेत्र में खड़े एक ट्रेलर में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रेलर की तलाशी ली। इसमें जौ के कट्टों की आड़ में 181 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 3674.440 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। दो आरोपियों को किया गिरफ्तार इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अबोहर, जिला फाजिल्का, पंजाब निवासी निर्मल सिंह (47) और फाजिल्का, पंजाब निवासी सुखवेंद्र सिंह (26) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ प्रागपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) ने कहा, "जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।" थानाधिकारी भजनाराम ने बताया, "गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आगे भी बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।"