अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की प्रतापगढ़ जिला इकाई का राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज में चल रहा दो दिवसीय धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने अभाविप की पांच सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मांगों लेकर किया था धरना प्रदर्शन जिला संयोजक प्रशांत खत्री ने बताया कि विद्यार्थी परिषद पिछले एक वर्ष से विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन दे रही थी, लेकिन विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया था। इसके बाद एबीवीपी ने महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर धरना प्रदर्शन शुरू किया। विभाग संयोजक विशाल डांगी के अनुसार, प्रदर्शन की मुख्य मांगों में महाविद्यालय का नामांकरण और सेमेस्टर फीस में कमी करना शामिल था। प्रांत कार्यसमिति सदस्य दीपशिखा कुमावत ने छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए महाविद्यालय परिसर में एक पुलिसकर्मी की तैनाती की मांग की, क्योंकि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी। नगर मंत्री सुदर्शन शर्मा ने महाविद्यालय में पुस्तकालय भवन खोलने और सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से शुरू करने की मांग रखी। इन सभी प्रमुख मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया गया था। मांगों पर मिला आश्वासन आज प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।