पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर 'सेवा ही संकल्प' के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जन-सेवा और जीव-दया के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत, पूर्व विधायक रामलाल मीणा और महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक अधिवक्ता प्रवीण कुमार जैन के संयुक्त नेतृत्व में हुआ। कार्यकर्ताओं ने गौ-पूजन किया आयोजन की शुरुआत कांठल गौशाला से हुई। यहां जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत, पूर्व विधायक रामलाल मीणा और जिला संयोजक प्रवीण कुमार जैन ने कार्यकर्ताओं के साथ गौ-पूजन किया। उन्होंने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया। इस दौरान 'जीव-दया' के संकल्प को दोहराया गया। इसके बाद, नेतृत्वकर्ता और कार्यकर्ता निराश्रित बाल गृह पहुंचे। यहां अशोक गहलोत के जन्मदिन की खुशी बच्चों के साथ बांटी गई। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को फल, बिस्किट और मिठाई वितरित की। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रकृति संरक्षण के तहत श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए। साथ ही, वातावरण को शुद्ध बनाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में विभिन्न छायादार और फलदार पौधों का रोपण भी किया गया।