प्रतापगढ़ के राजकीय महात्मा गांधी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कारुण्डा में कक्षा नौवीं की छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। यह कार्यक्रम युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष और भाजपा जिला उपाध्यक्ष जसपाल गुर्जर की मुख्य उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिससे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर इस अवसर पर जसपाल गुर्जर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से सफलता की राह अब न तो दूर है और न ही कठिन। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं बालिकाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और भजनलाल शर्मा की राज्य सरकार बालिकाओं के प्रोत्साहन के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का किया उल्लेख गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को नेतृत्व में भागीदारी देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने का प्रयास किया, जिससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में बैठी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसका विरोध किया, जिससे यह विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्होंने कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता की आलोचना भी की। शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रतिनिधियों की रही भागीदारी कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रूपकिशोर मीणा, एसीबीओ लक्ष्मीनारायण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य आत्माराम पाटीदार, एमजीजीएस प्रधानाचार्य राकेश मीणा, ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष रामलाल शर्मा, विद्यालय विकास समिति अध्यक्ष श्रीराम पाटीदार और उप सरपंच कारू लाल गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा शांतिलाल पाटीदार, एबीवीपी के सूरज गुर्जर, वार्ड पंच विमल गुर्जर समेत विद्यालय स्टाफ और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।