प्रतापगढ़ के छोटी बंबोरी गांव के निकट रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक मासूम और दंपती सहित पांच व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार, सालमगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा मानपुरा गांव निवासी देवीलाल मीणा (28) अपने 4 वर्षीय बेटे अमन के मुंडन संस्कार के लिए परिजनों के साथ देवक माता आए थे। मुंडन संस्कार संपन्न होने के बाद वे अपनी पत्नी रंजना (25), बेटे अमन (4) और बहनोई गजेंद्र मीणा (30) के साथ बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान छोटी बंबोरी गांव के पास उनकी टक्कर प्रतापगढ़ से मजदूरी कर बाइक से लौट रहे सोहनी निवासी राजमल मीणा (30) से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें चकनाचूर हो गईं। इस हादसे में देवीलाल मीणा, उनकी पत्नी रंजना, बहनोई गजेंद्र मीणा, बालक अमन और राजमल मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस से सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजमल मीणा की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही देवगढ़ थाना अधिकारी नागजीराम जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। थाना अधिकारी ने बताया- आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत हुई है, जिससे हादसा होना सामने आया है सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।