प्रतापगढ़ के सुहागपुरा बस स्टैंड के पास बुधवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। युवक सुहागपुरा में राशन का सामान लेने गया था। वहां से वापस लौटते समय हादसा हो गया। सूचना मिलने पर सुहागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोटा धामनिया निवासी बगदीराम (26) पुत्र कालूराम मीणा के रूप में हुई है। बगदीराम बाइक से सुहागपुरा से अपने गांव लौट रहा था, तभी प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ये दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर हुई। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे मृतक के भाई शांतिलाल ने मॉर्च्युरी में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। सुहागपुरा थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक भंवरलाल ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर रोडवेज बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बगदीराम विवाहित था और उसका एक 2 साल का बेटा है। वो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वो अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बगदीराम का पूरा परिवार, जिसमें उसके माता-पिता भी शामिल हैं, मजदूरी करता है। वह घटना के दिन राशन का सामान लेने निकला था और लौटते समय यह हादसा हो गया। बगदीराम एक दिन पहले ही जोधपुर से मजदूरी कर घर लौटा था।