प्रतापगढ़ में बोहरा समाज की दुकानों पर कथित अवैध कब्जे के मामले को लेकर बुधवार को समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने एसपी के सहायक को ज्ञापन सौंपकर दुकानों का कब्जा वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। अंजुमन ताहिरी जमात के सेक्रेटरी अब्बास अली बोहरा ने बताया कि शहर के एमजी रोड स्थित काका जी साहब दरगाह के सामने बोहरा समाज की दुकानें हैं। आरोप है कि इनमें से दो दुकानों के ताले तोड़कर अज्ञात लोगों ने 13 जुलाई को अवैध रूप से कब्जा कर लिया। पुलिस ने रुकवाया था काम समाज की ओर से इस मामले में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां चल रहे काम को रुकवाते हुए दुकानों के शटर बंद करवा दिए। समाज के लोगों का कहना है कि इसके बावजूद दुकानों का वास्तविक कब्जा अभी तक समाज को नहीं सौंपा गया है। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में बोहरा समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और दुकानों का कब्जा समाज को वापस दिलाने की मांग की।