प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा क्षेत्र के ग्राम पनावला निवासी एक परिवार ने अपने घायल बेटे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है। परिवार ने इस संबंध में जिला कलेक्टर और एसपी को एक ज्ञापन सौंपा है। प्रार्थी मदन गुर्जर ने बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र पप्पू गुर्जर 30 मार्च 2026 को एक घटना में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे प्रतापगढ़ से उदयपुर और फिर बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद के एक उच्च चिकित्सा संस्थान में भर्ती कराया गया है। पप्पू का इलाज अभी भी जारी है। परिजनों के अनुसार, अब तक के इलाज में उनकी पूरी जमा पूंजी खर्च हो चुकी है। परिवार को वर्तमान में घर का सामान और अनाज बेचकर इलाज का खर्च उठाना पड़ रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे इलाज जारी रखना मुश्किल हो गया है, जिससे किशोर के जीवन पर संकट गहरा गया है। परिवार ने ज्ञापन में मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे घायल किशोर का समुचित इलाज जारी रह सकेगा। उन्होंने प्रशासन से भी सहयोग की अपील की है।