प्रतापगढ़ में गौ सेवा सम्मान आह्लान अभियान के तहत गो सेवकों ने एक विशाल वाहन रैली निकाली। रैली के बाद देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और उनके संरक्षण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने की मांग की गई। इस आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, निंबाहेड़ा विधायक श्री चंद कृपलानी और संत मणिमहेश चैतन्य सहित कई गोभक्त उपस्थित रहे। घर-घर जाकर लोगों को किया जागरूक अभियान के संयोजक गोपाल मोदी ने बताया- गौ माता को बचाने के उद्देश्य से पूरे देश में 'गौ सेवा सम्मान अभियान' चलाया जा रहा है। इसके तहत पिछले एक महीने से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया गया। इसी कड़ी में आज 'गौ सेवा सम्मान दिवस' मनाते हुए किला परिसर से वाहन रैली का आयोजन किया गया। गौ हत्या पर पूर्णतय प्रतिबंध की मांग यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पहुंची। रैली के दौरान गोसेवकों ने गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि गौ माता हमारी राष्ट्रीय धरोहर हैं और सनातन परंपराओं से उनका गहरा नाता है। उन्होंने तर्क दिया कि 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास गौ माता में माना जाता है, इसलिए गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाना आवश्यक है। वक्ताओं ने गौ माता के संरक्षण और सम्मान के लिए अलग से कानून बनाने और गोपालन मंत्रालय स्थापित करने की भी मांग की। रैली के समापन के बाद, तहसीलदार को देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम यह ज्ञापन सौंपा गया।