प्रतापगढ़ जिले में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा और सांसद सी.पी. जोशी ने एकदिवसीय दौरे के दौरान करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं में आधारभूत सुविधाओं, सौंदर्यीकरण और जनहित के कई कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतापगढ़ शहर के टैगोर पार्क से हुई, जिसके बाद वरमंडल में ग्रामीण क्षेत्र की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया। शहर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं पर जोर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि प्रतापगढ़ शहर में चौराहों के सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। मंत्री ने कहा कि लंबे समय से लंबित कई परियोजनाएं अब पूरी होकर जनता को समर्पित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से जिले में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में और तेज होगा विकास: सांसद सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र सहित पूरे जिले में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले समय में प्रतापगढ़ शहर, विधानसभा क्षेत्र और जिले के लिए कई नई विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास की गति बनाए रखने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने की। इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ईश्वर लाल कुमावत सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।