प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत एक ड्रग तस्कर घनश्याम कलाल की 1 करोड़ 4 लाख रुपए की चल और अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत फ्रीज कर दिया गया है। मामला 22 दिसंबर 2023 का है। पुलिस को गांव संचई में एक पलटी हुई कार की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने कार से 492.850 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया था। इस संबंध में थाना प्रतापगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी 8 साल की सजा काट रहा था जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में घनश्याम कलाल निवासी रिछा की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। घनश्याम कलाल पहले से ही थाना धमोतर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषसिद्ध होकर 8 वर्ष के कारावास और एक लाख रुपए के अर्थदंड की सजा काट रहा है। संपत्ति को किया फ्रीज वित्तीय जांच में यह सामने आया कि अभियुक्त ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से ग्राम रिछा में अपनी पत्नी मैनाबाई चौधरी के नाम पर करीब 60 लाख रुपए का आलीशान मकान, ग्राम पड़ुनी में अपने नाम पर 40 लाख रुपए का फार्म हाउस और लगभग 4 लाख रुपए की मारुति सुजुकी ऑल्टो कार खरीदी थी। पुलिस ने इन सभी संपत्तियों को अवैध आय से अर्जित मानते हुए फ्रीज करने की कार्रवाई की है।