प्रतापगढ़ में विजयादशमी पर दशहरा दहन के बाद भटपुरा नवयुग गरबा मंडल ने रामलीला की आकर्षक झांकी का मंचन किया। इसमें श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमानजी और रावण के प्रसंग जीवंत रूप में दिखाए गए। झांकी देखने शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र राव के नेतृत्व में रामायण के कई प्रसंगों का मंचन हुआ। श्रीराम की सेना और रावण की सेना के प्रसंगों के साथ राम-रावण युद्ध भी दर्शाया गया। रावण का दरबार, पात्रों की वेशभूषा और पारंपरिक प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। धर्मेंद्र राव ने बताया कि विजयादशमी पर रामलीला की झांकी दिखाने की यह परंपरा पूर्वजों के समय से चली आ रही है। पहले दशहरे पर माइक से रावण के प्रसंग और पारंपरिक गायकी होती थी, फिर श्रीराम धनुष से रावण का वध करते थे। मंडल आज भी इसे जारी रखे हुए है। इसका मकसद धार्मिक परंपराओं को जिंदा रखना और नई पीढ़ी को रामायण से जोड़ना है, जो अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है।