एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रतापगढ़ जिले के देवल्दी गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस से अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। टीम ने 16 अप्रैल को 128.02 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) और 90.01 ग्राम सहायक पाउडर बरामद किया। इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की निगरानी एएनटीएफ को देवल्दी स्थित एक फार्म हाउस में अवैध मादक पदार्थ के साथ एक व्यक्ति के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर, टीम सादे वेश में मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की। पुलिस को देखकर बाइक से भागने की कोशिश टीम को देखते ही आरोपी ने अपनी बाइक से भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे फार्म हाउस के बाहर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। फार्म हाउस, आरोपी और उसकी मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में एमडी और इसे मिलाने वाला सहायक पाउडर जब्त किया गया। पुलिस ने शुरू की जांच एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।