प्रतापगढ़ में वनकर्मियों पर हमलों व रुके भुगतान पर कर्मचारी संगठनों ने विरोध जताया। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की जिला शाखा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप सुरक्षा व लंबित भुगतान की मांग की। महासंघ के जिला संयोजक राधेश्याम धाकड़ ने वनकर्मियों को आधुनिक हथियार, सुरक्षा उपकरण, सरकारी वाहन व संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस बल देने की मांग की। जान गंवाने वालों को शहीद का दर्जा, आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति व तीन करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी मांगी। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रतिनिधि अब्दुल हकीम मंसूरी ने समर्पित अवकाश, जीपीएफ, राज्य बीमा, पेंशन कम्यूटेशन, अवकाश नकदीकरण व ग्रेच्युटी के 8-10 महीने से रुके भुगतान की मांग की। संगठन ने तीन दिन में भुगतान का अल्टीमेटम दिया। महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन होगा। इसमें चुनाव प्रशिक्षण बहिष्कार, मतदान दिवस पर उपवास व 6 नवंबर 2026 को धनतेरस पर उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री के आवास पर काली दीपावली मनाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।