प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो रुक-रुककर दोपहर करीब 1 बजे तक जारी रहा। इस दौरान सुबह 6 से 9 बजे तक तेज बारिश हुई। इस दौरान जिले में कुल 104 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी-उमस से लोगों को राहत मिली। क्षेत्र में सुबह से ही काले बादल छाए हुए है। हालांकि हड़मतिया जागीर में नालियों की सफाई और निर्माण न होने से सदर बाजार सहित कई जगह पानी भर गया, जिससे बारिश का पानी घरों में घुस गया और ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ी। देखें बारिश से जुड़े PHOTOS धीरे-धीरे तेज हुई बारिश, दोपहर तक रहा दौर गुरुवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सुबह शुरू हुई बारिश धीरे-धीरे तेज हो गई और दोपहर तक जारी रही। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई। रात में क्षेत्र का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। प्रतापगढ़, छोटी सादड़ी, जलोदा जागीर, बंबोरी, हड़मतिया जागीर, अरनिया गांव, अवलेश्वर, बजरंगगढ़ सहित आसपास के क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। किसानों बोले- फसलों के लिए फायदेमंद बारिश किसानों ने बताया कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित हो रही है। समय पर हुई इस बारिश से मक्का, सोयाबीन सहित अन्य फसलों को फायदा मिलेगा और उनकी बढ़वार में तेजी आएगी।