राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा आयोजित कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 आज प्रतापगढ़ जिले में शुरू हो गई है। यह परीक्षा 26 केंद्रों पर दो पारियों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही है। जिले में इस परीक्षा के लिए करीब 7200 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। सुबह 7:30 बजे से मिली एंट्री पहली पारी के अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों की कड़ी तलाशी ली गई और बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। जांच के लिए 4 उडनदस्ते बनाए परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की अध्यक्षता में चार उड़नदस्ते गठित किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, वीडियोग्राफी और बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, पर्यवेक्षक और अन्य कर्मचारी तैनात हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध है। जिला प्रशासन की सतर्कता और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रही है।